Crime
टीटी नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक्टिवा से 55 लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद
310 क्वार्टर देशी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, एक्टिवा सहित 31,700 रुपये का मशरूका जब्त; शराब उपलब्ध कराने की आरोपी महिला फरार
Reporter:
TARUN BHARGAVA
02 Oct 2026, 10:54 PM
Views:
17
Bhopal
Advertisement Space
भोपाल। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए टीटी नगर थाना पुलिस ने 55 लीटर 800 मिलीलीटर देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक्टिवा भी जब्त की है। मामले में एक महिला आरोपी की तलाश जारी है।
मुखबिर की सूचना पर माता मंदिर क्षेत्र में कार्रवाई
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी टीटी नगर निरीक्षक गौरव सिंह दोहर ने अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष टीम गठित की थी।
टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि माता मंदिर 56 की लाइन क्षेत्र में एक व्यक्ति एक्टिवा से अवैध शराब लेकर जा रहा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर एक्टिवा सवार व्यक्ति को रोक लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम संतोष लोंडे पिता कन्हैया लोंडे, उम्र 46 वर्ष, निवासी बंगाली कॉलोनी, पंचशील नगर, टीटी नगर, भोपाल बताया।
हरे रंग की बोरी में मिले शराब के 310 क्वार्टर
पुलिस ने एक्टिवा पर रखी हरे रंग की प्लास्टिक की बोरी की तलाशी ली तो उसमें देशी मदिरा प्लेन के क्वार्टर मिले। गिनती करने पर कुल 310 क्वार्टर, जिनमें 55 लीटर 800 मिलीलीटर शराब पाई गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी से शराब के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब के साथ सफेद रंग की एक्टिवा क्रमांक MP04-ST-5386 को भी जब्त कर लिया।
महिला से शराब लेकर बेचने का दावा
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में संतोष लोंडे ने बताया कि वह कथित रूप से चित्रा लोंडे निवासी बंगाली कॉलोनी के कहने पर शराब बेचने के लिए उसी से लेकर आता था।
पुलिस ने संतोष लोंडे को गिरफ्तार कर थाना टीटी नगर में अपराध क्रमांक 820/26, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार चित्रा लोंडे की तलाश की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक संतोष लोंडे के खिलाफ पूर्व में मारपीट एवं आबकारी अधिनियम से संबंधित 11 प्रकरण, जबकि चित्रा लोंडे के खिलाफ 9 प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।
31,700 रुपये का मशरूका जब्त
पुलिस के अनुसार जब्त 55 लीटर 800 मिलीलीटर देशी शराब की कीमत करीब 21,700 रुपये है। एक्टिवा वाहन सहित कुल जब्त मशरूके की कीमत करीब 31,700 रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान, पुलिस उपायुक्त जोन-1 अखिल पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-1 रश्मि अग्रवाल दुबे के मार्गदर्शन एवं सहायक पुलिस आयुक्त टीटी नगर अंकिता खातरकर के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह दोहर, उपनिरीक्षक राघवेन्द्र सिंह सिकरवार, प्रधान आरक्षक रविन्द्र पाल सिंह, शिशुपाल सैनी, राजेश कुमार, आरक्षक कपिल कौशिक, अरविन्द यादव, रितेश तिवारी, अविनाश भारती, धर्मवीर सिंह, राहुल जाट, कृष्ण अवतार, गोविन्द प्रजापति एवं महिला आरक्षक कृतिका परमार की सराहनीय भूमिका रही।