Police Diary24
PD24
POLICE DIARY24
News & Media Network
Advertisement Space
Breaking
Crime

पुराने विवाद में युवक पर चाकू से हमला, कजलीखेड़ा पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

गले पर चाकू से वार करने का आरोप, बचाव के दौरान कंधे और हाथ में लगी चोट; पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू किया जब्त
Reporter: TARUN BHARGAVA 30 Sep 2026, 10:30 AM Views: 18 Bhopal
Advertisement Space
भोपाल। पुराने विवाद को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में थाना कजलीखेड़ा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष साद और शोयब खान उर्फ शोहेब के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार फरियादी अजय पाटिल ने थाना कजलीखेड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 सितंबर 2026 को उसका मोहल्ले में रहने वाले आयुष साद और शोहेब खान से विवाद हुआ था।
आरोप है कि अगले दिन 25 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे अजय हनुमान मंदिर के पास से अपने घर जा रहा था। इसी दौरान घर के सामने आम रास्ते पर उसे आयुष और शोहेब मिले। दोनों ने एक दिन पहले हुए विवाद को लेकर कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी।
गले पर वार से बचा तो कंधे पर लगा चाकू
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक अजय ने जब गाली देने से मना किया तो आयुष ने कथित तौर पर अपने पास रखा चाकू निकालकर उसके गले पर वार करने का प्रयास किया। अजय ने बचने की कोशिश की, जिससे चाकू उसके दाहिने हाथ के कंधे के हिस्से में लगा और खून निकलने लगा।
आरोप है कि आयुष ने दूसरी बार भी चाकू से हमला किया, जिसमें अजय के बाएं कंधे के पास चोट लगी। इसी दौरान शोयब खान ने भी उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जाते समय दोनों ने दोबारा विवाद करने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कजलीखेड़ा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 443/26 में धारा 296(बी), 110, 351(3), 3(5) एवं 115(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस को देखकर भागे आरोपी, घेराबंदी कर पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी गेहूंखेड़ा सब्जी मंडी के पास घूम रहे हैं।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान आयुष साद पिता मुकेश साद, उम्र 22 वर्ष, निवासी हनुमान मंदिर के पास गेहूंखेड़ा, भोपाल तथा शोयब खान उर्फ शोहेब पिता हमजा खान, उम्र 18 वर्ष, निवासी पंचायत भवन के पीछे, गेहूंखेड़ा, कोलार रोड, भोपाल के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपियों से प्रकरण के संबंध में पूछताछ के बाद घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान, पुलिस उपायुक्त जोन-4 आदर्शकांत शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-4 संजीव कुमार पाठक के निर्देशन एवं सहायक पुलिस आयुक्त चूनाभट्टी आलोक श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में थाना इंचार्ज उपनिरीक्षक केशांत शर्मा, उपनिरीक्षक श्रीकांत द्विवेदी, सहायक उपनिरीक्षक संतोष कुमार, उमेश विल्लारे, प्रधान आरक्षक संतोष यादव, चतर सिंह, आरक्षक अमित यादव, सचिन धाकड़, प्रदीप युदवंशी, राहुल राजपूत एवं धीर सिंह रावत की सराहनीय भूमिका रही।
\n