Crime
भविष्यवाणी का डर दिखाकर महिला से उतरवाए जेवर, उत्तराखंड से अंतरराज्यीय ठग गिरफ्तार
परिवार पर अनहोनी का भय दिखाकर 64 वर्षीय महिला को बनाया था शिकार, मोटरसाइकिल और जेवर बेचकर मिले 2.70 लाख रुपये बरामद
Reporter:
बलराम शर्मा
01 Oct 2026, 03:44 PM
Views:
40
अशोकनगर
Advertisement Space
अशोकनगर। परिवार पर अनहोनी और विपत्ति आने की कथित भविष्यवाणी का डर दिखाकर 64 वर्षीय महिला से सोने-चांदी के आभूषण ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का अशोकनगर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कोतवाली पुलिस और एसआईटी की टीम ने उत्तराखंड में दबिश देकर गिरोह के एक आरोपी सजाकत पिता जलालुद्दीन खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और जेवर बेचकर मिले 2.70 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
अशोकनगर से बलराम शर्मा की रिपोर्ट
बातों में उलझाया, फिर उतरवा लिए जेवर
घटना 8 अगस्त की है। विवेक टॉकीज गली निवासी अनंतदेवी जैन (64) को आरोपियों ने परिवार पर अनहोनी होने की बात कहकर भयभीत किया। बातचीत के दौरान आरोपियों ने महिला से ही उसके परिवार और व्यक्तिगत जीवन से जुड़ी जानकारियां हासिल कर लीं।
इसके बाद गिरोह के दूसरे सदस्य ने उन्हीं जानकारियों को इस तरह दोहराया, जिससे महिला को यह भ्रम हो गया कि आरोपियों के पास कोई विशेष शक्ति या तंत्र-मंत्र की विद्या है। आरोप है कि इसी डर और भ्रम का फायदा उठाकर आरोपियों ने महिला के पहने हुए सोने-चांदी के आभूषण उतरवा लिए और मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज से मिला आरोपियों का सुराग
वारदात के बाद पुलिस ने शहर और आसपास के संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में चार संदिग्ध दो मोटरसाइकिलों से अशोकनगर से ईसागढ़ और चंदेरी होते हुए ललितपुर की ओर जाते दिखाई दिए।
तकनीकी साक्ष्यों और होटल रजिस्टर की जांच के आधार पर संदिग्धों की पहचान उत्तराखंड निवासी सजाकत, गफ्फार, इमरान और शहजाद के रूप में हुई।
आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों ने दिल्ली, मेरठ, उत्तराखंड, हरियाणा, ओडिशा और कानपुर सहित कई स्थानों पर दबिश दी। आखिरकार 23 सितंबर को उत्तराखंड के गुलरभोज क्षेत्र में दबिश देकर सजाकत को गिरफ्तार कर लिया गया।
अकेली महिलाओं को निशाना बनाता था गिरोह
पुलिस पूछताछ में गिरोह के ठगी करने के तरीके का भी खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले अकेली और सरल स्वभाव की महिलाओं को निशाना बनाते थे। एक सदस्य बातचीत के दौरान भविष्यवाणी कर परिवार पर संकट या अनहोनी आने का डर दिखाता था।
इसी बातचीत में महिला से निजी और पारिवारिक जानकारी हासिल कर ली जाती थी। इसके बाद दूसरा सदस्य वही जानकारी दोहराकर ऐसा भ्रम पैदा करता था कि उसे पहले से सब कुछ पता है। इससे पीड़ित को आरोपियों के पास किसी विशेष शक्ति या तंत्र-मंत्र की विद्या होने का विश्वास होने लगता था। इसके बाद आरोपी आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाते थे।
पुलिस के अनुसार गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर इसी तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। मामले में शामिल अन्य आरोपियों के साथ ही ठगी के जेवर खरीदने वाले व्यक्ति की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि कोई अनजान व्यक्ति भविष्यवाणी, परिवार पर संकट, अनहोनी अथवा तंत्र-मंत्र का भय दिखाए तो उसकी बातों में न आएं। किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपनी निजी या पारिवारिक जानकारी साझा न करें और न ही किसी के कहने पर आभूषण या अन्य कीमती सामान सौंपें। ऐसी संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।