Police Diary24
PD24
POLICE DIARY24
News & Media Network
Advertisement Space
Breaking
Crime

कोलार में नशीली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, करीब 1450 प्रतिबंधित टैबलेट-कैप्सूल जब्त

संदिग्ध से पूछताछ के बाद दो मेडिकल स्टोर पर छापा, पांच कंपनियों की प्रतिबंधित दवाएं मिलीं; दोनों मेडिकल संचालकों को ड्रग विभाग ने किया सील
Reporter: TARUN BHARGAVA 30 Sep 2026, 10:58 AM Views: 33 Bhopal
Advertisement Space
भोपाल। नशीली और प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ कोलार रोड पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में अलग-अलग स्थानों से करीब 1450 प्रतिबंधित टैबलेट और कैप्सूल जब्त किए गए हैं। मामले में दो मेडिकल स्टोर संचालकों के यहां कार्रवाई करते हुए दुकानों को जांच पूरी होने तक सील कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक 29 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बीमा कुंज स्थित चाय की दुकान पर एक संदिग्ध व्यक्ति खड़ा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को पकड़ा। उसकी पहचान गिरीश लोधी, उम्र 22 वर्ष, निवासी 65 क्वार्टर, कालोनी कोलार के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उसके पास से कथित रूप से प्रतिबंधित दवा SPASMO PROXYVON+ के दो कैप्सूल मिले। पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि वह ये दवाएं नितेश चौहान से खरीदता है। पुलिस ने इसके बाद नितेश से पूछताछ की।
घर से मिले 214 प्रतिबंधित टैबलेट
पुलिस के अनुसार नितेश की निशानदेही पर उसके घर बंजारी फेज-1, कोलार में तलाशी ली गई। यहां अलग-अलग कंपनियों की कुल 214 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद की गईं।
पूछताछ में नितेश ने कथित रूप से बताया कि उसने ये दवाएं आयुष मेडिकल, बरखेड़ी जहांगीराबाद और राज मेडिकल स्टोर, अन्ना नगर गोविंदपुरा से खरीदी थीं।
इसके बाद पुलिस ने ड्रग विभाग को मामले की जानकारी दी और संयुक्त टीम ने दोनों मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई की।
आयुष मेडिकल से 696 और राज मेडिकल से 544 टैबलेट-कैप्सूल जब्त
पुलिस के मुताबिक आयुष मेडिकल, बरखेड़ी से पांच अलग-अलग कंपनियों की कुल 696 प्रतिबंधित टैबलेट और कैप्सूल जब्त किए गए।
वहीं राज मेडिकल, अन्ना नगर से चार अलग-अलग कंपनियों की कुल 544 प्रतिबंधित टैबलेट-कैप्सूल जब्त किए गए। इनमें SPASMO PROXYVON+, PYEEVON SPAS PLUS, XARISPAS और TRIDOS सहित अन्य दवाएं बताई गई हैं।
पुलिस के अनुसार ये दवाएं डॉक्टर के पर्चे के बिना कथित रूप से अवैध तरीके से बेची जा रही थीं और इनके नशे के लिए इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। ड्रग विभाग ने दोनों मेडिकल प्रतिष्ठानों को सील कर उनके क्रय-विक्रय रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी है।
पांच लोगों के नाम आए सामने
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार मामले में गिरीश लोधी, नितेश चौहान, संतोष चौहान, आयुष मेडिकल संचालक रामसेवक निरंजन और राज मेडिकल संचालक राजकुमार प्रसोलिया के नाम सामने आए हैं।
कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान, पुलिस उपायुक्त जोन-4 आदर्शकांत शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-4 संजीव कुमार पाठक के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त चूनाभट्टी आलोक श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी कोलार निरीक्षक संजय सोनी, उपनिरीक्षक पंकज कटियार, शिवेन्द्र पाठक, आरक्षक पंकज बेले, प्रवीण यादव, हिमांशु वाघमारे तथा ड्रग विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
\n