Crime
एसीपी के घर नकबजनी मामले में कोलार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अब तक करीब 71 लाख रुपये का मशरूका बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर राजस्थान और उज्जैन से करीब 46 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद, चार आरोपियों से पूछताछ जारी
Reporter:
TARUN BHARGAVA
30 Sep 2026, 10:31 AM
Views:
23
Bhopal
Advertisement Space
भोपाल। थाना कोलार रोड क्षेत्र में एसीपी के घर हुई नकबजनी के मामले में पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस रिमांड के दौरान की गई पूछताछ के बाद राजस्थान के भीलवाड़ा और उज्जैन से करीब 300 ग्राम सोने और 300 ग्राम चांदी के जेवरात, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 46 लाख रुपये बताई गई है, बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार इस मामले में पूर्व में करीब 25 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया जा चुका था। इस तरह अब तक चारों आरोपियों से करीब 400 ग्राम सोने के जेवर, 500 ग्राम चांदी के जेवर, 1 लाख 76 हजार रुपये नकद, स्विफ्ट कार, आईफोन एवं अन्य कीमती मोबाइल फोन सहित करीब 71 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया जा चुका है।
पुलिस को गुमराह करते रहे आरोपी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय से पुलिस रिमांड पर लेकर दोबारा पूछताछ की गई। इस दौरान आरोपी लगातार पुलिस को गुमराह करते रहे और कभी इंदौर तो कभी अन्य स्थानों पर चोरी का माल छिपाने या बेचने की बात बताते रहे।
आरोपी देवेन्द्र गुर्जर उर्फ देवा ने शुरुआत में पुलिस को बताया कि उसने चोरी का माल इंदौर के सराफा बाजार में बेच दिया है। पुलिस ने जब इस जानकारी की तस्दीक की तो कहानी झूठी पाई गई। इसके बाद दोबारा पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम आरोपी के गांव नेगड़िया का खेड़ा, थाना गंगापुर, जिला भीलवाड़ा, राजस्थान पहुंची। यहां से करीब 20 तोला सोने और 150 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए।
इसी प्रकार आरोपी रोहित पाल ने भी इंदौर के सराफा बाजार में एक व्यापारी को चोरी का माल बेचने की बात कही थी। जांच में यह जानकारी भी सही नहीं पाई गई। पुलिस के अनुसार पुनः पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर मक्सी रोड, उज्जैन बस स्टैंड के पीछे से करीब 10 तोला सोने और 150 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए।
11 सितंबर को दर्ज हुआ था मामला
पुलिस के अनुसार 11 सितंबर 2026 को फरियादी विजय कुमार दुबे, उम्र 54 वर्ष, निवासी डीके-2/507 दानिशकुंज, कोलार रोड, भोपाल की रिपोर्ट पर थाना कोलार रोड में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 561/26, धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त संजय कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान ने आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।
पुलिस उपायुक्त अपराध अखिल पटेल, पुलिस उपायुक्त जोन-4 आदर्शकांत शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-4 संजीव कुमार पाठक, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अपराध शैलेन्द्र सिंह चौहान, सहायक पुलिस आयुक्त चूनाभट्टी आलोक श्रीवास्तव तथा एसीपी क्राइम ब्रांच अशोक चढ़ार के निर्देशन में थाना कोलार रोड और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीमें गठित की गई थीं।
इन टीमों ने पूर्व में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी, सोने-चांदी के जेवरात, कार और कीमती मोबाइल फोन सहित करीब 25 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया था।
अब तक करीब 71 लाख रुपये की जब्ती
पुलिस के अनुसार ताजा कार्रवाई में 30 तोला सोने के जेवरात और 300 ग्राम चांदी के जेवरात, कुल अनुमानित कीमत करीब 46 लाख रुपये, बरामद किए गए हैं।
पूरे प्रकरण में अब तक करीब 400 ग्राम सोने और 500 ग्राम चांदी के जेवरात, 1.76 लाख रुपये नकद, स्विफ्ट कार, आईफोन तथा अन्य कीमती मोबाइल फोन सहित लगभग 71 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया जा चुका है। आरोपियों को पुनः पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में रोहित पाल पिता घनश्याम पाल, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम पंडा खेड़ी, मक्सी रोड उज्जैन शामिल है, जिसके विरुद्ध 15 अपराध दर्ज बताए गए हैं। पवन आर्य पिता रामदास आर्य, उम्र 41 वर्ष, निवासी खटिक मोहल्ला वार्ड नंबर 4, गोहद, भिंड के विरुद्ध 39 अपराध दर्ज बताए गए हैं।
इसके अलावा दीपक गुर्जर पिता रमेश गुर्जर, उम्र 21 वर्ष, निवासी कालानी कॉलोनी, एरोड्रम, इंदौर के विरुद्ध 2 अपराध तथा देवेन्द्र गुर्जर उर्फ देवा पिता रामलाल गुर्जर, उम्र 38 वर्ष, निवासी गंगा नगर, एयरपोर्ट रोड, इंदौर के विरुद्ध 15 अपराध दर्ज बताए गए हैं।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी कोलार निरीक्षक संजय सिंह सोनी, उपनिरीक्षक जनार्दन मिश्रा, मनोज यादव, प्रधान आरक्षक दौलत मालवीय, प्रदीप मिश्रा, अनुरोध सिंह, आरक्षक अमित दिवाकर, प्रवीण यादव सहित थाना कोलार रोड की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
क्राइम ब्रांच की ओर से निरीक्षक मनीश राज भदौरिया, अशोक मरावी, उपनिरीक्षक राजकिशोर मिश्रा, प्रधान आरक्षक विनीत, विजय सिंह सेंगर, उपनिरीक्षक अंकित शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक अनिल दुबे तथा आरक्षक रोहित मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।