Crime
सराफा दुकान से 205 ग्राम सोना और आभूषण चोरी का खुलासा, करीब 40 लाख का माल बरामद
दुकान पर काम करने वाले अपचारी बालक समेत अन्य आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने पकड़ा, साथियों के पास पहुंचाया गया था चोरी का सोना; दो अन्य की तलाश जारी
Reporter:
TARUN BHARGAVA
02 Oct 2026, 10:55 PM
Views:
15
Bhopal
Advertisement Space
भोपाल। राजधानी के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एक सराफा दुकान से 205 ग्राम सोना, सोने के आभूषण और नकदी चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। कोतवाली पुलिस ने एक अपचारी बालक सहित उसके अन्य साथियों को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर सोने का टुकड़ा और आभूषण सहित करीब 40 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक फरियादी देवांश अग्रवाल, निवासी गुरुजुपुरा, कोतवाली भोपाल की झंकार गोल्ड नाम से ललवानी गली, के.एन. मार्केट में दुकान है। दुकान में एक किशोर करीब तीन महीने से काम कर रहा था।
दुकान से 205 ग्राम सोना, आभूषण और 6 हजार रुपये चोरी
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार दुकान से एक डिब्बे में रखा 205 ग्राम सोने का टुकड़ा, दूसरे डिब्बे में रखे सोने के कुछ आभूषण और 6 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए।
फरियादी की शिकायत पर थाना कोतवाली भोपाल में अपराध क्रमांक 230/2026 दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक अपाला सिंह ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की।
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना से मिला सुराग
पुलिस के अनुसार तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अपचारी बालक को गांधी नगर क्षेत्र से पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ के दौरान चोरी के सोने और आभूषणों के संबंध में पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आया कि चोरी का सोना और आभूषण उसके परिचित प्रिंस यादव और मोंटू उर्फ मानव को दिए गए थे तथा सामान को प्रिंस के दोस्त अनुराग के यहां रखने की बात सामने आई।
इसके बाद पुलिस ने मोंटू उर्फ मानव और अनुराग से पूछताछ की। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने प्रिंस यादव उर्फ प्रिंस लोधी को आरिफ नगर क्षेत्र से अभिरक्षा में लिया।
करीब 40 लाख का सोना और आभूषण बरामद
पुलिस के अनुसार प्रिंस से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर बताए गए स्थान से सोने का टुकड़ा और सोने के आभूषण बरामद किए गए, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की। प्रकरण में पुष्पेन्द्र जोशी और कपिल जोशी की तलाश जारी बताई गई है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट में आरोपियों की सूची में अपचारी बालक के अलावा मोंटू उर्फ मानव (19), अनुराग किरार (20), प्रिंस यादव उर्फ प्रिंस लोधी (20), देवेन्द्र सोनी (50) और विजय सोनी (31) के नाम दिए गए हैं।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान, पुलिस उपायुक्त जोन-3 आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-3 शालिनी दीक्षित एवं सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली संतोष पटेल के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अपाला सिंह, सहायक उपनिरीक्षक ईशाक खान, प्रधान आरक्षक प्रदीप मेहरा, विनोद यादव, आरक्षक पुष्पेन्द्र एवं हितेश चौहान की सराहनीय भूमिका रही।