Crime
शादी का भरोसा देकर दुष्कर्म का आरोप, कजलीखेड़ा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को किया गिरफ्तार
पीड़िता की शिकायत पर बीएनएस की धारा 69 के तहत मामला दर्ज, मिसरोद क्षेत्र से पकड़ा गया 20 वर्षीय आरोपी
Reporter:
TARUN BHARGAVA
02 Oct 2026, 10:55 PM
Views:
22
Bhopal
Advertisement Space
भोपाल। शादी का भरोसा दिलाकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने के मामले में कजलीखेड़ा थाना पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को मिसरोद थाना क्षेत्र से पकड़ा और आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को पीड़िता ने थाना कजलीखेड़ा पहुंचकर सुमित गांगोली के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सुमित ने उसे शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी करने से इनकार कर दिया।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 451/26, धारा 69 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मुखबिर से मिली सूचना, पुलिस ने की घेराबंदी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल पुलिस टीम गठित की गई। तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी स्वास्तिक पारस, ब्लॉक-ए, थाना मिसरोद क्षेत्र में मौजूद है।
पुलिस टीम सूचना की तस्दीक के लिए मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार वहां मौजूद युवक ने टीम को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम सुमित गांगोली पिता नंदकिशोर गांगोली, उम्र 20 वर्ष, निवासी स्वास्तिक पारस ब्लॉक-ए, मिसरोद, भोपाल तथा स्थायी निवासी ग्राम पिपलिया केशो, थाना कजलीखेड़ा, भोपाल बताया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान, पुलिस उपायुक्त जोन-4 आदर्शकांत शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-4 संजीव कुमार पाठक के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त चूनाभट्टी आलोक श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई।
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना इंचार्ज उपनिरीक्षक केशांत शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक संतोष कुमार, आरक्षक सचिन धाकड़, हरदयाल एवं धीर सिंह रावत की सराहनीय भूमिका रही।