उमरिया। चंदिया थाना क्षेत्र में घर की अलमारी से करीब ₹1.55 लाख के सोने के जेवरात चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार वारदात में फरियादिया के रिश्ते के भांजे सहित तीन लोगों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और नकदी सहित करीब ₹1.43 लाख का सामान जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक फरियादिया संध्या शर्मा 27 अगस्त 2026 को अपने मायके रीवा गई थीं। 31 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे चंदिया स्थित घर वापस आने के बाद उन्होंने अपने पहने हुए आभूषण उतारकर अलमारी में रख दिए थे। अलमारी में पहले से भी सोने के आभूषण रखे हुए थे।
20 सितंबर को जब उन्होंने अलमारी खोली तो उसमें रखा एक सोने का मंगलसूत्र, एक सोने की मनचली, एक जोड़ी सोने की झुमकी, एक सोने की अंगूठी, दो छोटे सोने के लॉकेट और चार सोने के कंगनों में से एक कंगन गायब मिला। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब ₹1.55 लाख बताई गई।
फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना चंदिया में अपराध क्रमांक 286/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
भांजे पर हुआ संदेह, पूछताछ में खुला मामला
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए और संबंधित लोगों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि फरियादिया का भांजा आदर्श उर्फ अंशू शर्मा अक्सर उनके घर आता-जाता था। फरियादिया ने भी उस पर संदेह व्यक्त किया था।
इसके बाद पुलिस ने संदेही आदर्श उर्फ अंशू शर्मा से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी रामानंद सिंह उर्फ छोटू और संतोष कोल के साथ मोटरसाइकिल से जबलपुर गया था तथा चोरी किए गए सोने के बदले ₹70 हजार नकद प्राप्त किए थे।
चोरी की रकम से खरीदे सेकेंड हैंड मोबाइल
पुलिस के मुताबिक प्राप्त रकम में से ₹22 हजार में सेकेंड हैंड iPhone 11 खरीदा गया। वहीं रामानंद सिंह के लिए ₹10,500 में सेकेंड हैंड Vivo Y28 मोबाइल और ₹350 में सिम खरीदी गई। इसके अलावा करीब ₹13 हजार ऑनलाइन माध्यम से खर्च किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया और रिमांड पर लेकर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
₹1.43 लाख का सामान जब्त
पुलिस ने मामले में करीब ₹1.43 लाख का मशरूका जब्त किया है। इसमें लगभग ₹20 हजार कीमत का iPhone 11, करीब ₹10 हजार कीमत का Vivo Y28 मोबाइल, लगभग ₹1 लाख कीमत की पल्सर मोटरसाइकिल और ₹13 हजार नकद शामिल हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक उमरिया विजय भागवानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी उमरिया पी.एस. परस्ते के नेतृत्व में चंदिया पुलिस टीम द्वारा की गई।