Police Diary24
PD24
POLICE DIARY24
News & Media Network
Advertisement Space
Breaking
Police

ऑटो चालक नीलेश यादव की मौत से भड़का आक्रोश, परिजनों ने NH-43 पर किया चक्काजाम

लोरहा निवासी ऑटो चालक नीलेश यादव की सड़क हादसे में मौत के बाद शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा, तो माहौल तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों ने शव को एनएच-43 पर रखकर चक्काजाम कर दिया और हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए।
Reporter: राहुल शीतलानी 26 Sep 2026, 11:21 PM Views: 40 उमरिया
Video
Advertisement Space
हाईवे पर लगी वाहनों की कतार
चक्काजाम के चलते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई यात्री बसें व अन्य वाहन जाम में फंसे रहे, हालांकि जरूरी सेवाओं को देखते हुए कुछ एंबुलेंस को रास्ता देकर निकाला गया।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात नीलेश अपने पड़ोस के घर जा रहा था, तभी एनएच-43 पर एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे उमरिया जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत बिगड़ने पर कटनी रेफर किया गया। कटनी ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे परिजन
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव लोरहा पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों ने हादसे की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाईवे जाम कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने की समझाइश
सूचना मिलते ही एसडीओपी पुन्नूलाल सिंह, कोतवाली थाना प्रभारी मदन लाल मरावी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर जाम खुलवाने का प्रयास किया। समझाइश के बाद कुछ समय के लिए जाम खुला, लेकिन ग्रामीणों ने दोबारा हाईवे रोक दिया।
अपर कलेक्टर ने संभाली स्थिति
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अपर कलेक्टर भी मौके पर पहुंचे और परिजनों-ग्रामीणों को मामले की जांच का भरोसा दिलाया। इसके बाद शाम करीब 6 बजे ग्रामीणों ने शव को हाईवे से हटाया और चक्काजाम समाप्त किया, जिसके बाद एनएच-43 पर आवागमन सामान्य हो सका।
अज्ञात वाहन-चालक की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक घटना में शामिल अज्ञात वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों के साथ-साथ उन बिंदुओं की भी जांच कर रही है, जिन्हें आधार बनाकर परिजन सवाल उठा रहे हैं।
जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक परिस्थितियों और इसमें जिम्मेदार व्यक्ति की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
\n